चॉकलेट खाना बच्चों को बेहद पसंद होता है। वहीं आइसक्रीम भी सब खूब खाते हैं। अगर आप चॉकलेट से बनी आइसक्रीम को घर में बनाना चाहते हैं तो इसे बनाना बेहद आसान है। ये आइसक्रीम बिना किसी अतिरिक्त मेहनत के बनकर तैयार हो जाती है। तो चलिए जानें चॉकलेट आइसक्रीम बनाने की विधि।

सामग्री

ढाई सौ ग्राम व्हिप्ड क्रीम या डेरी वाली क्रीम 
डेढ़ कप कंडेस्ड मिल्क 
दो चम्मच कोको पाउडर 
रोस्टेड बादाम पचास ग्राम 
चॉकलेट चिप्स, 
आधा छोटा चम्मच दालचीनी का पाउडर। 

चॉकलेट आइसक्रीम बनाने की विधि
चॉकलेट आइसक्रीम को बनाने में ज्यादा मेहनत नहीं लगती। बस क्रीम को फेंट लें। क्रीम को फेंटने के लिए आप चाहे तो ब्लेंडर का इस्तेमाल करें। या फिर हाथों से भी इसे अच्छी तरह से फेंट सकते हैं। क्रीम को फेंटते ही ये फ्लफी और ज्यादा मात्रा में दिखने लगेगी। बस फिर इसमे दूसरी सामग्री डाली जा सकती हैं। फिर किसी दूसरे बाउल में कंडेस्ड मिल्क लें। इसमे कोको पाउडर छानकर डालें। कंडेस्ड मिल्क और कोको पाउडर को मिक्स कर लें। साथ में दो चम्मच क्रीम को भी डाल लें। इन तीनों चीजों को अच्छी तरह से मिक्स करने के बाद बची हुई फेंटी क्रीम को डालकर मिक्स कर लें। 

अब ऊपर से कटे हुए रोस्टेड बादाम के साथ दालचीनी और चोको चिप्स डालकर मिक्स करें। फिर आइसक्रीम को जमाने के लिए किसी बाउल में डालकर डीप फ्रीजर में आठ से दस घंटे के लिए रख दें। बस जब ये आइसक्रीम पूरी तरह से जम जाए तो इसे निकालकर ऊपर से मनचाहे ड्राईफ्रूट्स डालकर बाउल में सर्व करें। बच्चों को घर में बनीं ये आइसक्रीम बेहद पसंद आएगी।