बिहार के बेगूसराय लोकसभा क्षेत्र से बीजेपी के प्रत्याशी सह केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने एक बार फिर कांग्रेस सहित राहुल गांधी के पूरे परिवार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि वह लोग उखल पर चढ़कर नरेंद्र मोदी की बराबरी करने की कोशिश न करें। आज नरेंद्र मोदी देशवासियों के लिए आइकॉन बने हुए हैं और आने वाले दिनों में नरेंद्र मोदी बाबा साहब भीमराव अंबेडकर की तरह लोगों के बीच पूजे जाएंगे।भाजपा नेता गिरिराज ने कहा कि जो नेहरू परिवार आज नरेंद्र मोदी पर लांछन लगा रहा है, मैं उससे कहना चाहता हूं कि आजादी के बाद नेहरू परिवार की वजह से ही हजारों एकड़ जमीन चीन के कब्जे में चली गई। तो वहीं अपने आधे कश्मीर को भी हमने खो दिया और आज वही नेहरू परिवार के लोग नरेंद्र मोदी पर आरोप लगा रहे हैं। भारत की जनता सब कुछ देख और समझ रही है।उन्होंने भाजपा के वरिष्ठ नेता सह बिहार के पूर्व उप मुख्यमंत्री सुशील मोदी के निधन पर भी शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा सोशल मोदी जमीन से जुड़े हुए नेता थे। वह लोगों के सुख-दुख में बढ़ चढ़कर भाग लेते थे। विद्यार्थी जीवन से ही सुशील मोदी का राजनीति से जुड़ाव रहा और वह एक कुशल राजनीति के योद्धा थे। आज उनके निधन के बाद भारतीय जनता पार्टी ने अपना एक समर्पित कार्यकर्ता खो दिया है और सुशील मोदी की भरपाई संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि उनके (सुशील मोदी) अंतिम संस्कार में वह खुद भी शामिल होंगे।