जयपुर। राजस्थान भाजपा ने दावा किया है कि पेट्रोल डीजल के दाम घटाकर भाजपा ने वादा पूरा किया है। प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी ने कहा कि सीएम भजनलाल शर्मा द्वारा प्रदेश में राजस्थान में पेट्रोल–डीजल पर दो प्रतिशत वेट कम करने और राज्य कर्मचारियों का डीए 4 प्रतिशत बढ़ाए जाने के निर्णय का स्वागत किया है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी ने कहा कि भाजपा की डबल इंजन सरकार ने अपने संकल्प पत्र में किया जनता से एक और वादा पूरा किया। मुख्यमंत्री भजन लाल एक के बाद एक जनहित में महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए संकल्प पत्र में किए गए वादों को पूरा कर रहे हैं। यह निर्णय मोदी की गारंटी एवं भाजपा की डबल इंजन सरकार के साथ राजस्थान को अग्रणी बनाएंगे। प्रदेश के मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा ने अपनी सरकार की दूसरी कैबिनेट की बैठक में ऐतिहासिक निर्णय लेते हुए प्रदेश में पेट्रोल और डीजल पर 2% वेट कम किया है और कीमतों में विसंगतियों को भी दूर किया है, जिससे अलग-अलग जिलों में कीमतों में बड़ा अंतर नहीं रहेगा। राज्य कर्मचारियों का 4% महंगाई भत्ता बढ़ाया है, इससे आठ लाख कर्मचारियों को और 4 लाख 40 हजार पेंशनर्स को लाभ मिलेगा। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी ने कहा कि मात्र 3 महीने में ईआरसीपी, यमुना जल समझौता सहित अनेक ऐसे निर्णय जो ऐतिहासिक हैं, करके भजनलाल सरकार ने जनहित में कार्य किया है। जनहित के इन निर्णय पर मैं प्रदेश की जनता से आग्रह करता हूं कि 25 में से 25 लोकसभा सीटों पर भाजपा को जिताकर इस विकास के क्रम को अनवरत जारी रखें। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी ने कहा पूर्व की कांग्रेस सरकार ने 5 साल जनता को सिर्फ वादे और नारे ही दिए। इसके विपरीत प्रदेश में भाजपा की डबल इंजन सरकार ने सत्ता में आते ही वो काम लिए जो कांग्रेस कई सालों में भी नही कर पाई।
पेपर लीक मामले पर 63 आरोपियों को गिरफ्तार कर कड़ी कार्रवाई का अपना वादा निभाया। अपराधों पर नियंत्रण के लिए एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स कुशलता से काम कर रही है, जिससे अपराधों पर नियंत्रण हुआ है। प्रत्येक विधानसभा में 3 करोड़ की सड़कों की स्वीकृति प्रदान कर जनता को राहत दी है। बिजली में 1,60,000 करोड़ का एमओयू किया है। इससे प्रदेश में बिजली सर प्लस रहेगी, बाहर से खरीदनी नहीं पड़ेगी।