जयपुर । भाजपा के राष्ट्रयी प्रवक्ता एवं जयपुर ग्रामीण सांसद कर्नल राज्यवर्धन राठौड ने शाहपुरा विधानसभा मेंं आयोजित जन आक्रोश यात्रा में पैदल चलकर घरों में पत्रक बांटे और कांग्रेस सरकार के कुशासन के बारे में जनता को बताया। इस दौरान उन्होंने सभाओं और चौपालों में कार्यकर्ताओं को सम्बोधित करते हुए कहा कि पूरे प्रदेश में जन आक्रोश यात्राओं में जनता गहलोत सरकार की नाकामी को पत्रक में भरकर अपना आक्रोश व्यक्त कर रही है। इस यात्रा को आमजन से मिल रहे अपार जनसमर्थन से यह स्पष्ट है कि आने वाले चुनावों में भाजपा की ऐतिहासिक जीत होगी। कांग्रेस सरकार की उल्टी गिनती शुरू हो चुकी है। प्रदेश की गहलोत सरकार पर हमला बोलते हुए कर्नल राज्यवर्धन ने कहा राज्य में भ्रष्टाचार चरम पर हैं। प्रदेश में बजरी माफिया और भू माफियाओं का गुंडाराज चल रहा हैं। अपराधी बेखौफ घूम रहे है। उन्होंने कहा जब रक्षक ही भक्षक बन जाए तो जनता न्याय के लिए किस पर भरोसा करेगी।