राजस्थान में सियासी संकट के बीच मुख्यमंत्री अशोक गहलोत शनिवार को बीकानेर संभाग के दौरे पर रहे। इस दौरान सीएम गहलोत ने बड़ा बयान दिया है। सीएम गहलोत ने कहा कि कांग्रेस सरकार पूरे पांच साल चलेगी। वहीं उन्होंने फिर से दोहराया कि सरकार का आखरी बजट युवाओं को पूरी तरह समर्पित रहेगा। दूसरी ओर खबर है कि अशोक गहलोत के सीएम बने रहने के एलान तक गहलोत गुट के विधायकों ने इस्तीफा वापस लेने से इंकार कर दिया है।

बीकानेर दौरे पर अशोक गहलोत में आत्मविश्वास झलक रहा था। अशोक गहलोत ने फिर से दोहराया कि वो राजस्थान से कहीं दूर नहीं हैं। वे राजस्थान के मारवाड़ से रहने वाले हैं और यहां से वह कहीं नहीं जाने वाले। बीकानेर दौरे पर उन्होंने भाजपा पर जमकर निशाना साधा है। गहलोत ने कहा कि उनके रहते हुए भाजपा के मंसूबे कभी कामयाब नहीं हो पाएंगे। केंद्र की मोदी सरकार ने देश में लोगों को आपस में बांटने का काम किया है लेकिन राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा से देश को एकता के सूत्र में पिरोया जाएगा।  उन्होंने कहा कि राहुल गांधी की यात्रा को मिल रहे जनसमर्थन से भाजपा में हताशा है। राजनाथ सिंह, अमित शाह और नड्डा भाजपा अध्यक्ष कब बने, किसी को नहीं पता। कांग्रेस में चुनाव लोकतांत्रिक तरीके से हो रहा है। इस चुनाव ने देश के लोगों को संदेश दिया है कि कांग्रेस अभी भी मजबूत विपक्ष है।