जयपुर | राजस्थान के सियासी घटनाक्रम बाद पहली बार अशोक गहलोत शनिवार को राहुल गांधी से मिलेंगे। सीएम गहलोत भारत जोड़ो यात्रा में शामिल होने के लिए कर्नाटक के बेल्लारी के लिए रवाना हो गए हैं। बता दें कि बेल्लारी में राहुल गांधी एक जनसभा को संबोधित करने वाले हैं।इस जनसभा में तीन लाख लोगों की भीड़ जुटने की उम्मीद है। जनसभा में राहुल गांधी के साथ अशोक गहलोत, भूपेश बघेल, और मल्लिकार्जुन खरगे भी शामिल होंगे। वहीं सियासी संकट के बाद अशोक गहलोत पहली बार राहुल गांधी से मिलेंगे। ऐसे में सबकी निगाहें इस मुलाकात पर टिकी है। सूत्रों के अनुसार राहुल गांधी और गहलोत की बॉडी लैंग्वेज से बहुत कुछ साफ होने वाला है। राजस्थान में कांग्रेस के भविष्य को लेकर भी बहुत कुछ आज मंच पर दोनों नेताओं की मुलाकात से स्पष्ट होने की उम्मीद है। हालांकि, भारत जोड़ो यात्रा के रिस्पॉन्स से राहुल गांधी काफी खुश हैं। ऐसे में कहा जा रहा है कि इसका फायदा मुख्यमंत्री गहलोत को मिल सकता है।