जाम लगाकर नगर निगम से कचरा पॉइंट हटाने की मांग
कोटा । थेगड़ा पुलिया पर बने कचरा पॉइंट का विरोध बढ़ता जा रहा है। स्थानीय रहवासियों ने नगर निगम के कचरा टीपर को कचरा डालने के रोक दिया। सड़क पर कचरा टीपर खड़े रहने से जाम लग गया। स्थानीय लोग निगम कमिश्नर को मौके पर बुलाने की मांग करते हुए जाम लगा दिया। सूचना पर पुलिस व निगम के अधिकारी मौके पर पहुंचकर प्रदर्शनकारियों का समझाने की कोशिश की। इस दौरान लगभग 2 घंटे तक स्थानीय लोगों ने प्रदर्शन किया। बाद में टीपर को नांता स्थित ट्रेचिंग ग्राउंड के लिए रवाना किया गया। बता दें कि कोटा उत्तर निगम के वार्ड 12 व दक्षिण निगम के वार्ड 16 के बीच में कचरा ट्रांसफर स्टेशन बना है। यहां टीपर कचरा डालकर जाते हैं। फिर यहां से बड़ी गाड़ियों के जरिए कचरे को दूसरी जगह शिफ्ट किया जाता है। कचरा पॉइंट होने से स्थानीय लोगों का काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। कचरा पॉइंट की दीवार टूटने से सारा कचरा सड़क पर फैल रहा है। स्थानीय लोगों ने बताया कि डेढ़ साल पहले इस कचरा पॉइंट को बंद करवाया था। उस समय के तत्कालीन कमिश्नर व महापौर ने नया कचरा पॉइंट उम्मेदगंज के बाहर बनाने का आश्वासन दिया था। उम्मेदगंज में नया कचरा पॉइंट बनकर तैयार है लेकिन उद्घाटन के इंतजार में अभी तक शुरू नहीं किया गया। इस कारण लोग परेशान हो रहे हैं। कोटा उत्तर नगर निगम के स्वास्थ्य अधिकारी तनुज शर्मा ने बताया उम्मेदगंज में नए ट्रांसफर स्टेशन की तैयारी हो चुकी है। मशीनों के ट्रायल्स बाकी हैं। 10-15 दिन में इंजीनियर्स आएंगे। जिसके बाद उद्घाटन की प्रक्रिया करके यहां से हमेशा के लिए कचरा पॉइंट खत्म किया जाएगा।