पॉट्स बाजार आज से हुआ शुरु

बाजार में 15 शहरों के 43 आर्टिस्ट ले रहे भाग
मूमल नेटवर्क, भोपाल। आज से शहर में पॉट्स बाजार की शुरुआत हुई। मिट्टी के रंग कल भी हमारी जीवन शैली का हिस्सा थे और आज भी हैं। हम चाहे कितने भी क्यों ना आधुनिक हो जाए परन्तु हमारी रोजमर्रा की जिन्दगी से मिट्टी और उससे बनी वस्तुओं को अलग नहीं किया जा सकता। बस इसी महत्व को दर्शाने के लिए गौहर महल में हर साल यह आयोजन किया जाता है। इस आयोजन में अपनी कला के साथ स्टूडियो आर्टिस्ट उपस्थित होते हैं।
इस वर्ष के आयोजन में 15 शहरों के 43 आर्टिस्ट भाग ले रहे हैं। बाजार में आने वाले दश्रकों को यह आर्टिस्ट बताएंगे कि उनकी कृतियां केवल सजावट का सामान नहीं वरन् रोजमर्रा की जरूरत भी हैं। इस बाजार को शुरु करने का आईडिया आर्टिस्ट सोनिया रशीद का था। इस विचार को हकीकत में बदलने के बारे में सोनिया ने बताया, 'मुंबई के काला घोड़ा फेस्टिवल की तर्ज पर हमने भोपाल में पॉट्स मार्केट शुरू किया। इस बार भोपाल समेत इंदौर, गोआ, लखनऊ, होशंगाबाद, नागपुर, दिल्ली, मुंबई, राजस्थान और पुणे से स्टूडियो आर्टिस्ट शामिल होंगे।'
विजिटर्स भी बनाएंगे पॉट्स
इस बाजार में आने वाले विजिटर्स को कई तरहा के पॉट्स देखने व खरीदने का मौका तो मिलेगा ही अपने हाथों से पॉट्स बनाने का अवसर भी मिलेगा। चाक पर गीली मिट्टी कैसे एक आकार लेती है, कैसे भट्टी में पकती है और कैसे किसी घर का हिस्सा बनती है।, यह अनुभव यहां आने वाले शहरवासी ले सकेगे। लोग न केवल अपने ािथों से मिट्टी के पॉट्स तैयार करेंगे, बल्कि इन्हें स्वयं भट्टी में पकाकर अपने साथ घर ले जा सकेंगे। दर्शकों के साथ इस बाजार में इस बार राजस्थान से आए पारंपरिक कलाकार स्टूडियो आर्टिस्ट को अपनी कला सिखाएंगे।